अब 9वीं के बच्चे भी IIT से पढ़ेंगे; AI, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी जैसे 17 कोर्स के लिए आवेदन शुरू
अब स्कूल जाने वाला बच्चा भी आईआईटी से पढ़ाई कर सकता है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मद्रास ने अपने ‘स्कूल कनेक्ट’ प्रोग्राम की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आईआईटी ने अक्तूबर 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 30 सितंबर तक चलेगी। कोर्स पांच अक्तूबर से शुरू होंगे और क्लास 9वीं से 12वीं तक के छात्र इनमें शामिल हो सकते हैं। ये कोर्स इंग्लिश और हिंदी में उपलब्ध हैं, और आईआईटी मद्रास सात और क्षेत्रीय भाषाओं में भी इनके मॉड्यूल तैयार कर रहा है। इस प्रोग्राम के जरिए स्कूली बच्चों को आईआईटी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डाटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, केमिकल इंजीनियरिंग जैसे फ्यूचर डिमांडिंग कोर्स करने का मौका मिलेगा। आईआईटी मद्रास का स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम स्कूली छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए नई पहल है।
छोटे ऑनलाइन कोर्स के जरिए इस प्रोग्राम का मकसद स्कूली छात्रों को हायर एजुकेशन और उभरते हुए करियर के क्षेत्रों की नॉलेज और अनुभव देना है। इस प्रोग्राम से स्टूडेंट्स को अपनी स्कूली की रेगुलर पढ़ाई से हटकर दूसरे विषयों को करीब से जानने और समझने का मौका मिलता है। आईआईटी मद्रास के स्कूल कनेक्टर प्रोग्राम ‘सेंटर फॉर आउटरीच एंड डिजिटल एजुकेशन’ (CODE) के जरिए चलाए जा रहे इस प्रोग्राम में पहली बार क्लास नौवीं के छात्रों को भी शामिल किया जाएगा, साथ ही क्लास 10, 11 और 12 के छात्र भी इसमें हिस्सा ले सकेंगे। ये कोर्स क्लास 11 और 12 के लिए स्ट्रीम चुनने से पहले अलग-अलग क्षेत्रों के बारे में जानकारी दे सकते हैं। इससे छात्रों को संभावित डिग्री और करियर के रास्तों को समझने में मदद मिल सकती है।
17 कोर्स शामिल
स्कूल स्टूडेंट्स को आईआईटी मद्रास के इस ऑनलाइन प्रोग्राम में भविष्य की मांग वाले 17 कोर्स के ऑप्शन मिलते हैं। इनमें डाटा साइंस और एआई, एयरोस्पेस, साइबर सिक्योरिटी, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, केमिकल इंजीनियरिंग, मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर और डिजाइन, प्रोडक्ट डिजाइन, लॉ, इकोनॉमिक्स और फाइनेंस, ह्यूमैनिटीज, इकोलॉजी, डिजिटल ह्यूमैनिटीज, गेम टेक्नोलॉजी, मैथमेटिक्स और कम्प्यूटिंग, और इंजीनियरिंग बायोलॉजिकल सिस्टम शामिल हैं।
सर्टिफिकेट मिलेगा
हर कोर्स आठ हफ्ते तक ऑनलाइन चलता है। इसके लर्निंग मॉडल में पहले से रिकॉर्ड किए गए लेक्चर, लाइव सेशन, असाइनमेंट और कंप्यूटर-बेस्ड असेसमेंट शामिल हैं। जो छात्र तय जरूरतें पूरी करते हैं, उन्हें आईआईटी मद्रास CODE से एक ऑफिशियल ई-सर्टिफिकेट मिलता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
