पेंशनरों का सब्र टूटा, पालमपुर में आंदोलन
चार साल से भत्ते का इंतजार, अब हक के लिए धरने पर कृषि विश्वविद्यालय के 250 पेंशनर
कार्यालय संवाददाता-पालमपुर
चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के पेंशनरों ने लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान को लेकर विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स सभा के अध्यक्ष डॉ. एसपी शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के असंवेदनशील रवैये के कारण पेंशनरों को प्रतिदिन दो घंटे शांतिपूर्ण धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से बीमार पेंशनरों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित कई अपीलों पर लंबे समय से कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कुछ पेंशनर विश्वविद्यालय से किसी प्रकार की राहत या प्रतिक्रिया मिले बिना ही दिवंगत हो गए। उन्होंने इसे पीड़ादायक और अस्वीकार्य बताया। डॉ. शर्मा ने कहा कि कई अति वरिष्ठ पेंशनरों को देय पेंशन भत्ते भी जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने महंगाई राहत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वित्त अधिकारी की ओर से लिखित आश्वासन के बावजूद नियमित अवधि की महंगाई राहत का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य संस्थानों में अक्तूबर 2022 से संशोधित पेंशन के आधार पर पेंशन भत्ते दिए जा रहे हैं, जबकि कृषि विश्वविद्यालय के पेंशनरों को पिछले चार वर्षों से पूर्व-संशोधित पेंशन के आधार पर ही भत्ता मिल रहा है। धरने में करीब 250 पेंशनरों ने हिस्सा लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
