कुफरी में गूंजा हरियाली का संकल्प

By: Sep 16th, 2026 12:01 am

133 ईको टास्क फोर्स के स्थापना दिवस पर पर्यावरण संरक्षण की उपलब्धियों को किया याद

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
कुफरी में मंगलवार को 133 ईको टास्क फोर्स का 20वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्टता के 20 गौरवशाली वर्ष थीम पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल (डॉ.) धनी राम शांडिल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में दो दशक से पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों को याद किया गया। मंत्री धनी राम शांडिल ने इस अवसर पर डाक विभाग की ओर से जारी विशेष आवरण का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने स्मृति ट्रॉफी का भी अनावरण किया। उन्होंने 133 इको टास्क फोर्स को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यूनिट पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है। प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण का संरक्षण आने वाली पीढिय़ों के लिए जरूरी है। इसके लिए सभी को मिलकर योगदान देना होगा।

समारोह में टीए ग्रुप मुख्यालय पश्चिमी कमान के कमांडर ब्रिगेडियर राजेश शर्मा ने 133 इको टास्क फोर्स की दो दशकों की यात्रा को दर्शाने वाली इतिहास की दीवार का उद्घाटन किया। इसमें यूनिट की प्रमुख उपलब्धियों और पर्यावरण संरक्षण में दिए गए योगदान को प्रदर्शित किया गया है। स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर यूनिट के संस्थापक कर्नल एन. के. कोटवाल (सेवानिवृत्त) और कर्नल नरशिमन ने स्मृति पौधरोपण भी किया। पौधरोपण को पर्यावरण संरक्षण के प्रति यूनिट की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के प्रतीक के रूप में देखा गया। समारोह के दौरान 133 इको टास्क फोर्स की 20 वर्षों की पर्यावरणीय सेवा और उपलब्धियों को याद करते हुए भविष्य में भी हरित एवं सतत विकास के लिए प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App