प्रदीप शर्मा एशियन गेम्स में रेफरी, जापान में 19 सितंबर से होने वाले टूर्नामेंट के लिए मिली अहम जिम्मेदारी

By: Sep 14th, 2026 10:19 pm

निजी संवाददाता— नगरोटा सूरियां

नागोया, जापान में 19 सितंबर से पांच अक्तूबर, 2026 तक होने वाले एशियन गेम्स में इंटरनेशनल रेफरी के रूप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने पर भारतीय भारोत्तोलन संघ के कोषाध्यक्ष, हिमाचल ओलंपिक संघ के कार्यकारी सदस्य एवं इंटरनेशनल रेफरी प्रदीप शर्मा को गतका स्पोट्र्स एसोसिएशन हिमाचल ने बधाई दी है। गतका स्पोट्र्स एसोसिएशन हिमाचल के अध्यक्ष कैप्टन संजय पराशर, उपाध्यक्ष शुभ करण सिंह, महासचिव सुनीता देवी सहित भूपिंदर सिंह, रविंद्र कुमार, सुभाष चंद, रविदत्त भारद्वाज, बलवान अभिनाशी और अमर सिंह ने प्रदीप शर्मा की उपलब्धि पर खुशी जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि कांगड़ा के जवाली निवासी प्रदीप शर्मा का अनुभव, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रदीप शर्मा ने अपनी कार्यक्षमता और अनुभव के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम गौरवान्वित किया है।

उनकी उपलब्धियां प्रदेश के खेल जगत के लिए प्रेरणादायक हैं। गौरतलब है कि प्रदीप शर्मा वर्ष 2022 में बर्मिंघम, इंग्लैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के मैनेजर के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा वह कई अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। गतका स्पोट्र्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि प्रदीप शर्मा एशियन गेम्स में अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, लगन और कुशलता के साथ निभाते हुए देश और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App