आईआईएएस के एसोसिएटस प्रोग्राम के लिए चुने चंबा के प्रशांत रवि

By: Sep 27th, 2026 9:53 pm

कार्यालय संवाददाता — शिमला

राजकीय महाविद्यालय चंबा के हिंदी विभाग में सहायक आचार्य डॉ. प्रशांत रमण रवि का भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान आईआईएएस, राष्ट्रपति निवास, शिमला के जीसी इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर आईयूसी फॉर ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के अंतर्गत एसोसिएशट के रूप में चयन हुआ है। देशभर के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से मानविकी और सामाजिक विज्ञान के विभिन्न विषयों के शिक्षकों का इस कार्यक्रम के लिए चयन किया गया है। इस प्रतिष्ठित अकादमिक कार्यक्रम में हिंदी के साथ इतिहास, दर्शनशास्त्र, समाजशास्त्र, संस्कृत, राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, पत्रकारिता और भूगोल सहित अन्य विषयों के शिक्षक शामिल हैं। डॉ. रवि का चयन हिमाचल से हिंदी विषय में हो रहे अकादमिक एवं शोध कार्य को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्त्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

एसोसिएटशिप प्रोग्राम के माध्यम से डॉ. रवि को भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान के अकादमिक वातावरण में अध्ययन, शोध और विद्वानों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा। आईआईएएस का पुस्तकालय मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान के शोधार्थियों के लिए महत्त्वपूर्ण संसाधन केंद्र है, जहां 1.5 लाख से अधिक पुस्तकों के साथ दुर्लभ पुस्तकों और विविध शोध-सामग्री का समृद्ध संग्रह उपलब्ध है। डॉ. प्रशांत रमण रवि ने कहा कि आईआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के एसोसिएटशिप प्रोग्राम में चयन उनके लिए प्रसन्नता के साथ-साथ एक महत्त्वपूर्ण अकादमिक जिम्मेदारी भी है। इससे हिंदी साहित्य और भारतीय ज्ञान-परंपरा से जुड़े उनके अध्ययन एवं शोध को व्यापक अकादमिक संवाद से जोडऩे का अवसर मिलेगा। डॉ प्रशांत को हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा 5 सितम्बर को उनके समर्पण और बेहतर शिक्षा के लिए राज्य स्तरीय शिक्षक अवार्ड से भी नवाजा गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App