गांधी जयंती पर एक दिन का उपवास रखेंगे प्राथमिक शिक्षक, शिमला में स्कूल कॉम्प्लेक्स सिस्टम का विरोध
कार्यालय संवाददाता — शिमला
स्कूल कॉम्प्लेक्स सिस्टम के खिलाफ प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन लगातार जारी है। मांगें पूरी नहीं होने के चलते अब शिक्षक दो अक्तूबर गांधी जयंती के दिन काले बिल्ले लगातार स्कूल कॉम्प्लेक्स सिस्टम के खिलाफ विरोध जताएंगे। वहीं, इस दिन क्रमिक उपवास भी रखा जाएगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय, शिमला में चल रहा शिक्षकों का क्रमिक अनशन रविवार को 64वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों और ब्लॉकों से शिक्षक लगातार अनशन में भाग ले रहे हैं।
रविवार को जिला मंडी के प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक गोपालपुर-दो के पदाधिकारियों ने क्रमिक अनशन में शामिल होकर शिक्षकों की मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इस दौरान पीटीएफ ब्लॉक गोपालपुर-दो के अध्यक्ष सुनील कुमार, महासचिव चंद्र मणि, पीटीएफ मंडी के कोषाध्यक्ष रत्तन चंद राव, ब्लॉक के मुख्य सलाहकार दलीप चंद और सह सचिव राजेश कुमार क्रमिक अनशन पर बैठे। शिक्षकों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और सरकार को इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
