सात दिन में सिस्टम नहीं सुधरा, तो प्रदर्शन

By: Sep 29th, 2026 12:02 am

परमिट की वॉयलेंस पर भडक़े टैक्सी ऑपरेटर, बसों की तरह सवारियां ढोने और रास्ते से उठाने का आरोप

स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
टैक्सी परमिट की कथित अवहेलना को लेकर घुमारवीं के टैक्सी ऑपरेटर भडक़ गए हैं। शिवा टैक्सी यूनियन के ऑपरेटरों का आरोप है कि कुछ टैक्सी चालक परमिट की शर्तों के विपरीत बला-बला ऐप के माध्यम से बसों की तरह सवारियां ढो रहे हैं और रास्ते में भी सवारियां उठा रहे हैं। इससे नियमों के तहत टैक्सी चलाने वाले ऑपरेटरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। ऑपरेटरों का कहना है कि बैंक से कर्ज लेकर खरीदी गई टैक्सियों की किश्तें निकालना मुश्किल हो गया है, जबकि बीमा और रखरखाव का खर्च भी पूरा करना चुनौती बन गया है। इसी मुद्दे को लेकर शिवा टैक्सी यूनियन घुमारवीं की बैठक प्रधान सुरेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राम रत्न शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में परमिट की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने और कथित रूप से नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई। प्रधान सुरेश शर्मा ने कहा कि घुमारवीं क्षेत्र से कई टैक्सियां ऐसी गुजरती हैंए जो बला-बला ऐप के माध्यम से बसों की तर्ज पर सवारियां ढो रही हैं और रास्ते में भी सवारियां उठाई जा रही हैं। जोकि टैक्सी परमिट की अवहेलना है। इससे नियमों का पालन कर रहे टैक्सी ऑपरेटरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अधिकांश ऑपरेटरों ने बैंक से ऋण लेकर टैक्सियां खरीदी हैं। कारोबार प्रभावित होने के कारण बैंक की किश्तें चुकानाए वाहनों का बीमा करवाना और रखरखाव करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से परमिट की शर्तों की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राम रत्न शर्मा ने कहा कि परमिट की शर्तों की कथित अवहेलना कर बसों की तरह सवारियां ढोने और रास्ते में सवारियां उठाने की व्यवस्था को तुरंत बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित ऑपरेटरों को सात दिन का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो यूनियन आगामी कार्रवाई करेगी। राम रत्न शर्मा ने कहा कि सभी टैक्सी ऑपरेटरों को परमिट की शर्तों के अनुसार ही अपना कारोबार करना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग से भी मामले की जांच करवाकर नियमों का समान रूप से पालन सुनिश्चित करने की मांग की। टैक्सी ऑपरेटरों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App