चंबा में सुरक्षा गार्ड के 100 पदों पर भर्ती, सात से 11 सितंबर तक इंटरव्यू
नगर संवाददाता-चंबा
जिला रोजगार कार्यालय चंबा की ओर से निजी कंपनी सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर के लिए सुरक्षा गार्ड के 100 पदों पर भर्ती के लिए सात से 11 सितंबर तक कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बायोडाटा सहित निर्धारित तिथि व स्थान पर उपस्थित हो सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह वर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता दसवीं या इससे अधिक तथा आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
भर्ती केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए होगी। अभ्यर्थी की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर और वजन 55 से 95 किलोग्राम के बीच निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें 17 हजार से 24 हजार रुपये मासिक वेतन के साथ अन्य लाभ प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सात सितंबर को उप रोजगार कार्यालय भरमौर, आठ सितंबर को जिला रोजगार कार्यालय चंबा, नौ सितंबर को उप रोजगार कार्यालय डलहौजी, 10 सितंबर को उप रोजगार कार्यालय सुंडला और 11 सितंबर को उप रोजगार कार्यालय तीसा में कैंपस इंटरव्यू होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
