रिलायंस कंज्यूमर ने आइसक्रीम बाजार में रखा कदम, कीमत 10 रुपए से शुरू

By: Sep 2nd, 2026 11:13 am

नई दिल्ली। रिलायंस समूह की एफएमसीजी कंपनी रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (आरसीपीएल) ने आइसक्रीम बाजार में उतरने की घोषणा की है। कंपनी ने बॉम्बे क्रीमरी नाम से नया ब्रांड लांच किया है। इसकी कीमत 10 रुपए से शुरू होगी। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि बॉम्बे क्रीमरी की आइसक्रीम वास्तविक डेयरी क्रीम से बनाई जाएगी। कंपनी ने इसे कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे अलग-अलग फॉर्मेट में उतारा है। फिलहाल इसकी बिक्री पश्चिम भारत में शुरू की जा रही है और जल्द ही इसे पूरे देश में उपलब्ध कराने की योजना है।

आरसीपीएल का कहना है कि वह बॉम्बे क्रीमरी को किफायती कीमत पर प्रीमियम डेयरी अनुभव देने वाले ब्रांड के तौर पर पेश कर रही है। कंपनी अपने बड़े वितरण नेटवर्क, रिटेल पहुंच और उपभोक्ताओं के फीडबैक के सहारे इस श्रेणी में उतर रही है। आरसीपीएल के निदेशक टी. कृष्णकुमार ने कहा कि बॉम्बे क्रीमरी को इस सोच के साथ तैयार किया गया है कि आइसक्रीम में डेयरी की असली पहचान बनी रहे। कंपनी का दावा है कि वह रियल डेयरी क्रीम से बनी आइसक्रीम को ऐसी कीमत पर उपलब्ध कराना चाहती है, जो भारतीय परिवारों की पहुंच में हो। बॉम्बे क्रीमरी के साथ आरसीपीएल पहली बार आइसक्रीम कैटेगरी में उतर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App