कूड़ा ठिकाने लगाने के बाद रेस्टहाउस चकाचक

By: Sep 2nd, 2026 12:01 am

ऊना में नगर निगम आयुक्त ने मामला संज्ञान में लाने पर दिए निर्देश, परिसर में गंदगी से फैल रही थी बदबू, सफाई पर जोर
नगर संवाददाता-ऊना
ऊना मुख्यालय स्थित लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस परिसर में लंबे समय से लगे कूड़े के ढेर गंदगी और प्रदूषण का कारण बने हुए हैं। नगर निगम आयुक्त के निर्देश के बाद रेस्ट हाउस परिसर को चकाचक कर दिया है। मामला नगर निगम आयुक्त के संज्ञान में पहुंचने के बाद निगम प्रशासन ने इस पर कार्रवाई की है। आयुक्त के निर्देशों के बाद रेस्ट हाउस परिसर में जमा कूड़े को हटवाने का कार्य शुरु कर दिया गया है। कूड़ा उठाने के बाद रेस्ट हाऊस परिसर साफ-सूथरा नजर आ रहा है। कूड़ा हटने से परिसर में फैली गंदगी और दुर्गंध से भी राहत मिल रही है। स्थानीय लोग नगर निगम की कार्रवाई का स्वागत कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि रेस्ट हाउस एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान है, जहां विभिन्न क्षेत्रों से लोग आते हैं।

ऐसे में परिसर में लंबे समय तक कूड़ा जमा रहने से शहर की छवि भी प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में रेस्ट हाउस परिसर में कूड़ा जमा न होने दिया जाए। कचरे का नियमित उठान और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निगम और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। पृथीपाल सिंह आयुक्त नगर निगम ने कहा कि रेस्ट हाऊस में कूड़ा फेंकने की सूचना मिली है। ढेर को साफ करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे गंदगी और बदबे से राहत मिली है। बताया जा रहा है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से परिसर में जमा कूड़े का नियमित रूप से उचित निस्तारण नहीं किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार कूड़े को नगर निगम के सुपुर्द करने के बजाय रेस्ट हाउस परिसर में ही एकत्र किया जा रहा है। लंबे समय तक कूड़ा जमा रहने के कारण परिसर में गंदगी बढ़ती जा रही है। स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App