रिद्धिमा ने चमकाया डीडीएम स्कूल का नाम

By: Sep 29th, 2026 12:02 am

जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हासिल किया स्वर्ण पदक

स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
डीडीएम इंटरनेशनल स्कूल गोंदपुर बनेहड़ा की दसवीं कक्षा की छात्रा एवं गणु मंदवाड़ा की बेटी रिद्धिमा राणा ने जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालयी खेल महासंघ के अंतर्गत 26 सितंबर को ऊना में आयोजित कराटे प्रतियोगिता में रिधिमा ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही रिद्धिमा का चयन शिमला में होने वाली राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है। अब वह इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। रिधिमा की इस उपलब्धि से डीडीएम इंटरनेशनल स्कूल, उसके परिवार, गणु मंदवाड़ा गांव सहित पूरे गगरेट क्षेत्र में खुशी का माहौल है। रिधिमा के प्रशिक्षक प्रेम कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए रिद्धिमा ने कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास किया। प्रशिक्षण के दौरान कराटे की तकनीक, शारीरिक फिटनेस और प्रतियोगिता की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया गया। उसकी मेहनत और लगन का परिणाम स्वर्ण पदक के रूप में सामने आया है। डीडीएम इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन नरेंद्र शर्मा ने रिद्धिमा राणा और उसके परिवार को शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि रिधिमा की सफलता ने साबित कर दिया है कि बेटियां पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने रिद्धिमा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App