पंचकूला में बिजली के लिए सडक़ जाम, ट्रांसफार्मर न लगाने पर खोला मोर्चा, बीच सडक़ किया प्रदर्शन

By: Sep 25th, 2026 12:06 am

निजी संवाददाता- पंचकूला

पंचकूला जिले के मोरनी-रायपुर रानी मार्ग पर प्लासरा के पास ग्रामीणों ने गुरुवार को जाम लगा दिया। ग्रामीण प्लासरा पंचायत के अम्बोया और नगनाशु समेत 3 गांवों में ट्रांसफार्मर लगाने में हो रही देरी से परेशान थे। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली निगम ने आश्वासन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। प्लासरा पंचायत के सरपंच परमजीत ने बताया कि 2 दिन पहले बिजली निगम के एसडीओ उनके गांव आए थे। ग्रामीणों ने उनसे 3 गांवों में बिजली समस्या दूर करने के लिए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी। सरपंच के मुताबिक, एसडीओ ने लिखित में समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन 3 दिन बाद भी ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू नहीं हुआ।

सडक़ जाम की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण बिजली निगम के बड़े अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। जाम की वजह से रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को दिक्कत हुई। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक उनकी बिजली समस्या का ठोस समाधान नहीं होता, वे अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में एक और जगह ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है लेकिन इसका फायदा अम्बोया और नगनाशु समेत उनके गांवों को नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि उनके गांवों में बिजली की समस्या को देखते हुए जरूरी ट्रांसफार्मर जल्द लगाए जाएं। विभाग की देरी से नाराज होकर ग्रामीणों ने प्लासरा के पास मोरनी-रायपुररानी मार्ग जाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा सडक़ पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App