हाजिरी से तय होगी सैलरी, सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के लिए नया नियम

By: Sep 1st, 2026 10:23 pm

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से जुड़े सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के लिए अब नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करना जरूरी होगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी कर सितंबर 2026 से स्विफ्ट चैट पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति के आधार पर शिक्षकों के वेतन बिल तैयार करने का फैसला लिया है। यानी शिक्षक की उपस्थिति की जांच किए बिना उसका वेतन बिल तैयार नहीं होगा।

निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी शिक्षकों की पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति का पहले संबंधित स्तर पर मिलान और जांच की जाएगी। इसके बाद ही वेतन बिल तैयार किए जाएंगे। यदि कोई शिक्षक अपनी उपस्थिति सही तरीके से दर्ज नहीं करता है तो लागू नियमों के अनुसार संबंधित अवधि की राशि अगले महीने के वेतन से काटी जा सकती है। विभाग ने यह भी तय किया है कि स्विफ्टचैट पोर्टल की उपस्थिति व्यवस्था को जल्द ही ई-वेतन प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इसके बाद उपस्थिति की जांच का काम अपने आप होने की व्यवस्था बनाने की तैयारी है।

इसी माह से व्यवस्था लागू

निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी और सितंबर 2026 से सभी सीबीएसई से जुड़े सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के वेतन बिल इसी व्यवस्था के तहत तैयार किए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य शिक्षकों की उपस्थिति का सही रिकॉर्ड रखने और वेतन जारी करने की प्रक्रिया को उपस्थिति से जोडऩा है।

निदेशक के पास कर सकेंगे अपील

यदि किसी शिक्षक को उपस्थिति के आधार पर वेतन में की गई कटौती पर आपत्ति है तो वह स्कूल शिक्षा निदेशक के समक्ष अपील कर सकेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App