जयकारों से गूंजा सलोह, श्रद्धालुओं ने किए बाबा गुग्गा जाहरवीर के दर्शन
बारिश में भी नहीं डिगी आस्था, गुग्गा जाहरवीर छतरी मंदिर सलोह में निकली बाबा गुग्गा जाहरवीर की दूसरी फेरी
निजी संवाददाता- सुलाह
सुलाह क्षेत्र के अंतर्गत प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गुग्गा जाहरवीर छतरी मंदिर सलोह में चल रहे दस दिवसीय वार्षिक मेले के अवसर पर बुधवार को बाबा जी की दूसरी फेरी श्रद्धा व उल्लास के साथ निकाली गई। सुबह सात बजे प्रात:कालीन आरती संपन्न होने के पश्चात स्थानीय रीति-रिवाजों और परम्पराओं के अनुसार बाबा जी के पवित्र छतर को मंदिर से बाहर निकाला गया। जैसे ही पवित्र छतर को मंदिर प्रांगण से बाहर लाया गया। वैसे ही बारिश शुरू हो गई, जिसे भक्तों ने बाबा जी के आशीर्वाद के रूप में लिया, लेकिन बारिश भी आस्था के कदमों को नहीं रोक पाई। ऐसे में हजारों की संख्या में भक्तों ने बाबाजी के दर्शन कर आशिर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर प्रांगण में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा जी के विशेष भक्त (चेले) अपने आप को संगलों से पीटते हुए नजर आए और भक्ति में लीन होकर जयकारे लगाते रहे। पूरा माहौल जय बाबा गुग्गा जाहरवीर के जयघोष से गूंज उठा।
तत्पश्चात मंदिर के मुख्य पुजारी वेद प्रकाश ने विधिवत पूजा-अर्चना कर पवित्र छत्र को दूसरी फेरी के लिए रवाना किया। यह फेरी ठाकुरद्वारा, घडूं, दैहण, मनसिंबल तथा ठंबा आदि गांवों के लिए गईए जहां ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ बाबा जी के छत्र का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर भक्तों में बाबा जी की फेरी को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। मंदिर के सहायक पुजारी अक्षय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वीरवार को बाबा जी की अंतिम और बड़ी फेरी निकलेगी। यह फेरी गरला, सुलाह, फरेढ़ तथा चिंबल्हार आदि गांवों से होकर गुजरेगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
