डीएवी ग्रयोह के संस्थापक को नमन

By: Sep 30th, 2026 12:02 am

स्वर्गीय हीरा सिंह ठाकुर की जयंती पर श्रद्धांजलि, उपलब्धियोंं पर डाला प्रकाश

निजी संवाददाता- अवाहदेवी
क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थान डीएवी पब्लिक स्कूल ग्रयोह में विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय ठाकुर हीरा सिंह का 97वाँ जन्मदिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के विद्यार्थियों के मासिक जन्मदिवस तथा स्वर्गीय ठाकुर हीरा सिंह जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित वैदिक हवन से हुआ। हवन में विद्यालय की सुपरवाइजरी हेड रीना राजपूत, अध्यापक वर्ग एवं विद्यार्थियों ने आहुति डालकर दिवंगत आत्मा की शांति एवं सभी के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इसके पश्चात दीप प्रज्वलित कर स्वर्गीय ठाकुर हीरा सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। हिंदी विषय की अध्यापिका कुमारी सोनू ने मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम की अन्य गतिविधियों का आरंभ किया । संस्कृत अध्यापक सन्नी कुमार हिंदी भाषण तथा छात्र-छात्राओं ने हिंदी और अंग्रेजी भाषण के माध्यम से स्वर्गीय ठाकुर हीरा सिंह जी के जीवन, संघर्ष और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। संगीत अध्यापक विपिन सकलानी, अजय कुमार, विद्यालय की अध्यापिकाओं और विद्यार्थियों ने वैदिक भजनों की प्रस्तुति देकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कक्षा तीसरी से पांचवी तक के विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा स्वर्गीय ठाकुर हीरा सिंह जी के जीवन पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई । स्वर्गीय हीरा सिंह का जन्म 29 सितंबर 1929 को ग्रयोह गाँव में हुआ था। घरेलू परिस्थितियाँ अनुकूल न होने के बावजूद उन्होंने भारतीय सेना में सेवाएँ दीं और अपनी पढ़ाई भी जारी रखी। तत्पश्चात शिक्षा विभाग में लंबे समय तक सेवाएँ प्रदान करते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की लौ जगाने का संकल्प लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App