कालका में सफाई कर्मचारियों का हंगामा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी का फूंका पुतला, उग्र आंदोलन की चेतावनी
मुलाजिम बोले; सरकार कर रही मांगों को नजरअंदाज, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी का फूंका पुतला, उग्र आंदोलन की चेतावनी
निजी संवाददाता- कालका
पंचकूला जिले के कालका में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को गांधी चौक पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी का पुतला फूंककर अपनी नाराजगी जताई और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर प्रधान लाखन, प्रधान सुनील, जितेंद्र सचिव, मदन सचिव, अजय भारती संगठन मंत्री और ममता संगठन मंत्री सहित सैकड़ों सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि कर्मचारी पिछले 6 अगस्त से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से आंदोलन करने के बावजूद सरकार ने उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की है। उनकी मुख्य मांग है कि लंबे समय से काम कर रहे सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए।
उन्होंने बताया कि कई सफाई कर्मचारी पिछले करीब 20 वर्षों से शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांग पर ध्यान नहीं दे रही। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कालका शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे आम लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा और आने वाले दिनों में बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
