तीन साल से खस्ताहाल स्कूल भवन, छत से टपक रहा पानी
डांगरी-पट्टी स्कूल की समस्या लेकर डीसी से मिला पंचायत प्रतिनिधिमंडल, भवन की मरम्मत और स्थायी समाधान की उठाई मांग
निजी संवाददाता-सोलन
डांगरी-पट्टी स्कूल भवन की खस्ताहाल स्थिति को लेकर बुधवार को डांगरी पंचायत का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को स्कूल भवन की मौजूदा स्थिति से अवगत करवाते हुए मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्य जल्द करवाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में पंचायत प्रधान भूपेंद्र ठाकुर, स्कूल प्रभारी अर्पण सूद, बीडीसी सदस्य, वार्ड सदस्य और ग्रामीण शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि स्कूल भवन से जुड़ी समस्या वर्ष 2023 से बनी हुई है, लेकिन तीन वर्ष बीतने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दौरान स्कूल की छत से पानी टपकता है।
इससे भवन के भीतर कई तरह की समस्याएं पैदा हो जाती हैं और विद्यार्थियों व शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पानी टपकने से भवन को भी लगातार नुकसान पहुंच रहा है। पंचायत प्रधान भूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि स्कूल में क्षेत्र के बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान छत से पानी आने की समस्या गंभीर हो जाती है। भवन की स्थिति को देखते हुए अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेकर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया। स्कूल प्रभारी अर्पण सूद ने भी उपायुक्त को विद्यालय की समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भवन की आवश्यक मरम्मत जल्द करवाना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें सुरक्षित वातावरण मिल सके। ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल भवन की समस्या केवल निर्माण संबंधी नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से संबंधित विभाग को निर्देश देकर स्कूल भवन का निरीक्षण करवाने तथा मरम्मत एवं अन्य जरूरी कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के हस्तक्षेप से लंबे समय से लंबित समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
