जन्माष्टमी पर कृष्ण भक्ति में डूबेगा शिमला
गंज बाजार के राधा-कृष्ण मंदिर और बालूगंज के गोपाल मंदिर में होंगे विशेष आयोजन, मध्यरात्रि 11:57 से 12:43 बजे तक जन्मोत्सव पूजन का शुभ मुहूर्त
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को शिमला के मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर शहर के मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर और बालूगंज के गोपाल मंदिर में रात को विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा शहर के अन्य मंदिरों में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। ज्योतिषीय गणना के अनुसार 4 सितंबर को अष्टमी तिथि रात 12:14 बजे तक रहेगी, जबकि रोहिणी नक्षत्र रात 11:05 बजे तक रहेगा। राधा-कृष्ण मंदिर के पंडित उमेश चंद्र नौटियाल के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य और जन्मोत्सव पूजन के लिए मध्यरात्रि 11:57 से 12:43 बजे तक का समय विशेष माना गया है। इस बार गृहस्थ और वैष्णव दोनों एक ही दिन जन्माष्टमी मनाएंगे।
रोहिणी नक्षत्र और हर्षण योग का संयोग धार्मिक दृष्टि से विशेष शुभ माना जा रहा है। गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मंदिर के 137वें वार्षिक उत्सव के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। सुबह भगवान का विधिवत पूजन और श्रृंगार होगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन खोले जाएंगे। दिनभर भजन-कीर्तन से भगवान की लीलाओं का गुणगान होगा। रातभर जागरण के साथ श्रीमद्भगवद्गीता और श्रीमद्भागवत महापुराण के कृष्ण जन्म प्रसंग का पाठ किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
