अरनी में छात्रों ने दिखाया जोश और अनुशासन

By: Sep 3rd, 2026 12:01 am

विश्वविद्यालय में 200 पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, एनसीसी चयन में हिस्सा लेकर दिखाई देशभक्ति

निजी संवाददाता- इंदौरा
अरनी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों से जोडऩे के उद्देश्य से एनसीसी एनरोलमेंट एवं चयन प्रक्रिया का आयोजन किया गया। यह चयन प्रक्रिया 9 एचपी बीएन एनसीसी डल्हौजी के कमांडिंग ऑफिसर जेएस कौशल के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई। एनसीसी चयन प्रक्रिया शुरू होने से पहले विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर तथा अन्य निर्धारित स्थानों पर करीब 200 पौधे रोपे गए। इस अवसर पर अर्नी विश्वविद्यालय के चांसलर डा. विवेक सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल एक गतिविधि या वर्दी पहनने का अवसर नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और यदि युवाओं को सही दिशाए अनुशासन एवं सकारात्मक सोच प्रदान की जाए तो वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। डा. विवेक सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं है, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित, संवेदनशील और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला नागरिक बनाना भी है। उन्होंने एनसीसी एनरोलमेंट के लिए चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चयन में सफलता अथवा असफलता से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि विद्यार्थी पूरी लगन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ प्रक्रिया में भाग लें। 9 एचपी बीएन एनसीसी डल्हौजी की ओर से पहुंचे सूबेदार राजकुमारए सूबेदार मोहित तथा हवलदार लखन ने विद्यार्थियों की शारीरिक चयन प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न करवाया। चयन प्रक्रिया में अर्नी विश्वविद्यालय के करीब 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने शारीरिक परीक्षण एवं निर्धारित प्रक्रियाओं में पूरे जोश और अनुशासन के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। एनसीसी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को एनसीसी के उद्देश्यए प्रशिक्षण, अनुशासन तथा राष्ट्रसेवा में इसकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि एनसीसी के माध्यम से उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनने के साथ-साथ नेतृत्व, टीमवर्क, समय प्रबंधन और जिम्मेदारी निभाने का अनुभव प्राप्त होता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App