एसडी पब्लिक स्कूल संतोषगढ़ की छात्राएं चमकीं
जोनल खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करती हुई खेलों में बनीं उपविजेता
स्टाफ रिपोर्टर-संतोषगढ़
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय संतोषगढ़ में हाल ही में आयोजित अंडर-19 छात्राओं की तीन दिवसीय जोनल खेलकूद प्रतियोगिता में नगर के एसडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल संतोषगढ़ की छात्राओं ने कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल कर विद्यालय एवं नगर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में ऊना-हरोली जोन के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान एसडी पब्लिक स्कूल संतोषगढ़ की टीम ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन, आपसी तालमेल और संघर्ष की भावना का परिचय दिया।
टीम ने शुरुआती मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीमों को कड़ी चुनौती दी। एक मुकाबले में एसडी पब्लिक स्कूल की खिलाड़ी छात्राओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बड़ैहर की टीम को 68-50 अंकों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। जबकि दूसरे मुकाबले में टीम ने मेजवान कन्या स्कूल की टीम को हराकर मैच अपने नाम किया। लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते टीम ने फाइनल मुकाबले में अपनी जगह बनाई। फाइनल में एस डी पब्लिक स्कूल संतोषगढ़ की टीम बसदेहडा की टीम से भिड़ी जिसमें फाइनल मुकाबला भी काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों की खिलाडय़िों ने जीत के लिए पूरी मेहनत की, लेकिन कड़े संघर्ष के बाद एसडी पब्लिक स्कूल संतोषगढ़ की टीम को उपविजेता के स्थान से संतोष करना पड़ा। हालांकि खिताब से एक कदम दूर रहने के बावजूद छात्राओं के प्रदर्शन ने विद्यालय परिवार और अभिभावकों को गौरवान्वित किया। एसडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल संतोषगढ़ के प्रधानाचार्य आरपी शर्मा, उप प्रधानाचार्य इकवाल सिंह सिद्धू तथा प्रबंधन समिति अध्यक्ष शिव कांत पराशर ने कबड्डी टीम की छात्राओं को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उपविजेता बनना भी छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में मिली हार को निराशा के रूप में नहीं, बल्कि भविष्य की सफलता के लिए सीख के रूप में लेना चाहिए। उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए मार्र्गदर्शन किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
