श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता ने जीता दिल
नाहन के करियर अकादमी में धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी, चेयरमैन ने दी बधाई
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
हिमाचल प्रदेश के नामी स्कूलों में शामिल करियर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों और शिक्षाओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। शुभारंभ श्रीकृष्ण वंदना से हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर मनमोहक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता पर आधारित एकांकी रही। विद्यार्थियों ने भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से सच्ची मित्रता, प्रेम, विश्वास और समानता का सुंदर संदेश दिया।
प्रस्तुति को उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने खूब सराहा। श्रीकृष्ण की भूमिका पर आधारित प्रस्तुति में नौवीं-ए कक्षा के कनिष्क, गुंजन, अभिनव, अभियांश, अंशुमन एवं कार्तिक ने प्रभावशाली अभिनय किया। वहीं समूह नृत्य में आरजू (जमा एक नॉन-मेडिकल), त्रिप्ति (जमा एक कॉमर्स), एंजल (जमा एक कॉमर्स), वैष्णविका (जमा एक कॉमर्स), दिव्यांशिका (जमा एक नॉन-मेडिकल), वंशिका (जमा एक आर्ट्स), भाव्या (जमा एक आर्ट्स), श्रेनिका (जमा एक कॉमर्स), आराध्या (9वीं-ए) तथा पावनी (9वीं-ए) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, मित्रता, कत्र्तव्य और सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। चेयरमैन एसएस राठी ने भी विद्यालय परिवार को पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की शिक्षाएं प्रेम, भाईचारे, सत्य और सदाचार का मार्ग दिखाती हैं। निदेशक मनोज राठी एवं निदेशिका मधुलिका राठी ने भी सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
