थप्पड़ मारने वाला पुलिस अधिकारी लाइन हाजिर
जालंधर। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
जालंधर में नाके के दौरान ट्रक ड्राइवर से हुई थी झड़प, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन
निजी संवाददाता— जालंधर
सोशल मीडिया पर जालंधर से ट्रैफिक पुलिस की एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने की वीडियो खूब वायरल हो रही है। इस वीडियो पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने संबंधित ट्रैफिक अधिकारी को तुरंत लाइन हाजिर कर दिया है। इसके अलावा, उस अधिकारी के खिलाफ डिसिप्लिनरी डिपार्टमेंटल एक्शन भी लिया जा रहा है। इस संबंध में एसीपी ट्रैफिक जालंधर अजय सिंह ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के तहत कैंट एरिया के पास ट्रैफिक अधिकारियों ने नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक ट्रक को चेकिंग के लिए रोका गया। चेकिंग के दौरान ट्रक ड्राइवर अपने मोबाइल फोन पर ट्रैफिक अधिकारियों से अपना ड्राइविंग लाइसेंस चेक करवा रहा था। इसी बीच, ट्रक ड्राइवर और ट्रैफिक अधिकारी के बीच मोबाइल फोन को लेकर बहस हो गई। इस दौरान ट्रैफिक अधिकारी गुस्से में आ गया और उसने ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया।
एसीपी ट्रैफिक जालंधर ने कहा कि पुलिस अधिकारी का ऐसा व्यवहार बिलकुल भी ठीक नहीं है और पुलिस डिपार्टमेंट को आम जनता के साथ हमेशा शालीनता, संयम और कानून के मुताबिक व्यवहार करने के निर्देश हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना पर तुरंत नोटिस लेते हुए संबंधित ट्रैफिक अधिकारी को तुरंत लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा, उस अधिकारी के खिलाफ डिसिप्लिनरी डिपार्टमेंटल एक्शन भी लिया जा रहा है। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने साफ़ कर दिया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी पुलिस वाले की आम जनता के साथ अनुशासनहीनता या बुरा बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के मुताबिक सही कार्रवाई की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
