तीन दिवसीय हिमाचल दौरे पर आएंगी राष्ट्रपति, 6 अक्तूबर को एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

By: Sep 17th, 2026 8:04 pm
President Droupadi Murmu

06 अक्तूबर को बिलासपुर एम्स के पहले दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे द्रौपदी मुर्मू

07 अक्तूबर को मनाली दौरा होगा, 08 अक्टूबर को अटल टनल देखेंगी राष्ट्रपति

मुख्य सचिव केके पंत ने राष्ट्रपति दौरे को लेकर तैयारियों पर बड़ी बैठक की

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मानसून खत्म होते ही हिमाचल के दौरे पर आ रही हैं। राष्ट्रपति भवन से जारी टेंटेटिव प्रोग्राम के तहत 06 अक्टूबर को वह दिल्ली से सीधा बिलासपुर आएंगे और फिर 07 और 08 अक्तूबर को मनाली का दौरा होगा। बिलासपुर में एम्स का पहला दीक्षांत समारोह होने जा रहा है। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी शामिल होंगे। इसी दीक्षांत समारोह के लिए बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को निमंत्रण भेजा गया है। वह इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करने के बाद मनाली रवाना होंगी। यह सारा दौरा वायुसेना के हेलीकॉप्टरों के माध्यम से होगा। 07 अक्टूबर को मनाली में हडिंबा मंदिर में राष्ट्रपति दर्शन करेंगी और 8 अक्टूबर को अटल टनल का दौरा भी होगा। इसी दिन वह मनाली से दिल्ली वापस लौट जाएंगी।

गौरतलब है कि समर वेकेशन के दौरान शिमला जब राष्ट्रपति आई थी। तब भी अटल टनल का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम के कारण इसे रद्द करना पड़ा था। इसी दौरे को अब रखा गया है। गुरुवार को राज्य सचिवालय में मुख्य सचिव केके पंत ने राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। संबंधित विभागों के अधिकारी इस बैठक में थे। मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं।

— राजेश


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App