खिड़कियों की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे चोर, 15 लाख के गहने और 6 लाख की नकदी पर किया हाथ साफ
सुनील दत्त, जवाली
पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत पनालथ पंचायत के हरसर बाजार के समीप शकुंतला देवी पत्नी स्व कर्म चंद के घर से चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। चोरों ने घर से लाखों के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ किया है। प्राप्त जानकारी अनुसार शकुंतला देवी के बेटे अमित कुमार ने बताया कि शनिवार रात को दो कमरों को बंद करके मैं और मेरी पत्नी अपने कमरे में सो गए, जबकि माता साथ लगते दूसरे कमरे में सोई हुई थी। सुबह उठकर जब बंद कमरों को खोला तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। दोनों कमरों की खिड़कियों की ग्रिलों को तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है तथा उनका कटर यहीं पर रह गया है।
अमित कुमार ने बताया कि माता द्वारा अपने गहनों को पेटी में रखा गया था, जबकि हमारे गहने व नकदी अलमारी में थे। पेटी से माता के गहने चोरी हो गए हैं जबकि हमारे गहने अलमारी से चोरी हो गए हैं, साथ ही करीबन छह लाख की नकदी चोरी हुई है। अमित कुमार ने बताया कि मेरे, मेरी पत्नी व माता के करीबन 15 लाख के सोने चांदी के गहने तथा मेरे द्वारा कमरे में रखी गई छह लाख की नकदी चोरी हुई है। यह नकदी मैने घर में लगाए गए काम के लिए रखी थी। इसकी सूचना पंचायत प्रधान संदला देवी को दी गई जिन्होंने मौके पर आकर देखा और पुलिस को सूचना दी। साथ लगते घर में लगे सीसीटीवी में तीन चोरों की फुटेज आ रही है जिसमें चोर पंजाबी में बात कर रहे हैं। पुलिस मौका पर पहुंचकर तफ्तीश में जुट गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
