मणिमहेश यात्रा पर जा रहे पंजाब के दो बाइक सवार श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत

By: Sep 13th, 2026 12:10 pm

चंबा। मणिमहेश यात्रा पर जा रहे पंजाब के दो बाइक सवार श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत हो गई है। हादसा पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुनाली और गैहरा के बीच स्थित बैलोगी के समीप पेश आया है। मृतकों की पहचान ज्योति निवासी पठानकोट (पंजाब) तथा अनिल कुमार पुत्र हरबंस निवासी पंगोली, पठानकोट के रूप में हुई है। हादसा देर रात को पेश आया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों युवक अपनी बाइक नंबर PB-35U-2347 पर सवार होकर पवित्र मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे दुनाली और गैहरा के बीच बैलोगी के पास तीखे मोड़ पर पहुंचे, बाइक अचानक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से जा टकराई, इससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे, जबकि बाइक ऊपर ही फंसी रही।

हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस चौकी गैहरा को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से गहरी खाई में कठिन रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रात के अंधेरे और दुर्गम ढलान के बीच कड़ी मशक्कत करते हुए दोनों को खाई से बाहर निकाला गया। दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा पहुंचाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने जांच के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App