कांगड़ा में भू-माफिया पर विजिलेंस का शिकंजा

By: Sep 9th, 2026 12:10 am

जिला में अवैध जमीन खरीद-फरोख्त और हेराफेरी पर कार्रवाई, छह प्रॉपर्टी डीलर फंसे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में सक्रिय भू-माफिया के खिलाफ स्टेट विजिलेंस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए अपना शिकंजा कस दिया है। जिला में जमीनों की अवैध खरीद-फरोख्त और हेराफेरी के मामलों में विजिलेंस की टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए करीब आधा दर्जन से अधिक प्रॉपर्टी डीलरों को अपने रडार पर लिया है। कांगड़ा, धर्मशाला और गगल सहित कई अन्य प्रमुख स्थानों पर सक्रिय इन कारोबारियों के खिलाफ पुख्ता सबूतों के आधार पर एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।

विजिलेंस की इस सर्जिकल स्ट्राइक से प्रदेश के पूरे रियल एस्टेट जगत में हडक़ंप मच गया है। इस पूरे कारोबार में सबसे चौंकाने वाला पहलू राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की संलिप्तता का सामने आना है। विजिलेंस की प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि करोड़ों रुपए के इन अवैध भू-सौदों को सिरे चढ़ाने और कागजी हेराफेरी करने में कुछ राजस्व अधिकारियों का मुख्य रोल रहा है। बिना सरकारी अमले की मिलीभगत के इतने बड़े स्तर पर जमीनों का खेल संभव नहीं था। ऐसे में अब पूरी संभावना है कि विजिलेंस जल्द ही इन दागी राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए उठा सकती है।

विजिलेंस के एक्शन से हडक़ंप

लंबे समय से पर्दे के पीछे चल रहे इस काले कारोबार के बेनकाब होने के बाद यह मामला पूरे प्रदेश में खास चर्चा का विषय बन गया है। आम जनता इस कार्रवाई की सराहना कर रही है, भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों की रातों की नींद उड़ी हुई है। अब हर किसी की नजर विजिलेंस की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि जांच की यह आंच किन-किन बड़े अधिकारियों तक पहुंचती है। कब तक और गिरफ्तारियां होती हैं। इसके अलावा यह भी कयास लगाए जा रहे हैं ऐसे कुछ मामलों का भी विजिलेंस पर्दाफाश कर सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App