बिंदला-दिगवा के ग्रामीण सडक़ सुविधा से वंचित
खच्चरों के सहारे नकदी फसलें बाजार तक पहुंचाने को मजबूर, ग्रामीणों ने उद्योग मंत्री से सडक़ निर्माण की उठाई मांग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सिरमौर जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के बिंदला-दिगवा क्षेत्र के ग्रामीण आज भी सडक़ सुविधा से वंचित हैं। दिगवा से रेणुका विधानसभा क्षेत्र के गाताधार तक करीब आठ किलोमीटर सडक़ न होने के कारण ग्रामीणों को राशन और नकदी फसलें लहसुन, टमाटर, मटर, आलू व अदरक आदि पीठ पर या खच्चरों के सहारे बाजार तक पहुंचानी पड़ रही हैं। इससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान के साथ शारीरिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है। बिडला-दिगवा पंचायत के दिगवा, खल्यांटी, सोलन, पाउरी, सुणकोटी, फैलाच, पटना और रानोह क्षेत्र के समाजसेवी हेमराज राणा, सुनील चौहान, राजेश ठाकुर, सुमित शर्मा, अमन चौहान, सुरेश चौहान, बलदेव ठाकुर, नरेश कुमार, गोपाल सिंह, रोशन ठाकुर, विक्रम ठाकुर, धनवीर सिंह, यशपाल चौहान, कंठी राम चौहान, देव शर्मा व कमल शर्मा सहित ग्रामीणों ने सडक़ निर्माण की मांग उठाई है। ग्रामीणों के अनुसार उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पूर्व में दिगवा-गाताधार सडक़ के लिए 25 लाख रुपये का टेंडर भी लगवाया था, लेकिन किन्हीं कारणों से काम शुरू नहीं हो सका। ग्रामीणों ने विधायक व उद्योग मंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री से सडक़ का निर्माण जल्द शुरू करवाने की मांग की है। उन्होंने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर इस मूलभूत सुविधा को पूरा करवाने का आग्रह किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
