महात्मा गांधी की मां पुतलीबाई का किरदार निभाएंगी वहीदा रहमान

By: Sep 19th, 2026 11:30 am

मुंबई। दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान फिल्मकार अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा की आगामी फिल्म में महात्मा गांधी की मां पुतलीबाई की भूमिका निभाएंगी। फिल्म में मनोज बाजपेयी महात्मा गांधी का किरदार निभा रहे हैं, जबकि सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म महात्मा गांधी के जीवन के कम चर्चित 21 दिनों की कहानी पर आधारित है। सुधीर मिश्रा निर्देशित इस फिल्म का निर्माण अनुभव सिन्हा और नरेंद्र हिरावत ए बनारस मीडियावक्र्स के बैनर तले कर रहे हैं। फिल्म को एनएच स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है।

वहीदा रहमान की मौजूदगी से फिल्म में भावनात्मक गहराई जुडऩे की उम्मीद है। सुधीर मिश्रा ने कहा कि वहीदा रहमान का इस परियोजना का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि प्यासा, साहिब बीबी और गुलाम, कागज के फूल और गाइड जैसी फिल्मों से उनका गहरा जुड़ाव रहा है और उन्हें यकीन नहीं होता कि ऐसी ऐतिहासिक फिल्मों की अभिनेत्री अब उनके निर्देशन वाली फिल्म का हिस्सा बनने जा रही हैं। अनुभव सिन्हा ने कहा कि वहीदा रहमान के साथ फिल्म और खास तौर पर इस परियोजना पर चर्चा करना उनके लिए सम्मान की बात रही। उन्होंने खुशी जताई कि सुधीर मिश्रा और फिल्म की पटकथा वहीदा रहमान को फिर से सेट पर लाने में सफल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App