8 सितंबर से इन स्मार्टफोन्स पर नहीं चलेगा WhatsApp, कहीं आपका फोन भी तो नहीं लिस्ट में
नई दिल्ली। WhatsApp इस्तेमाल करने वाले कुछ लोगों के लिए जरूरी खबर है। 8 सितंबर 2026 से कुछ पुराने स्मार्टफोन्स में WhatsApp काम करना बंद कर देगा। इनमें Android फोन शामिल हैं। वहीं iPhone यूजर्स के लिए बदलाव 30 नवंबर 2026 से लागू होगा।
Android यूजर्स के लिए क्या बदला?
WhatsApp ने Android फोन के लिए अपनी न्यूनतम जरूरत बढ़ा दी है। 8 सितंबर से WhatsApp केवल Android 6.0 या उससे ऊपर के ऑपरेटिंग सिस्टम वाले फोन में ही चलेगा। इसका मतलब है कि जिन फोन में Android 5.0 या Android 5.1 है और उन्हें Android 6.0 या उससे ऊपर अपडेट नहीं किया जा सकता, उनमें WhatsApp इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
iPhone यूजर्स को कब होगी परेशानी?
iPhone यूजर्स के लिए अभी तुरंत कोई बदलाव नहीं होगा। WhatsApp ने बताया है कि 30 नवंबर 2026 से iOS 15.5 या उससे ऊपर का वर्जन जरूरी होगा। यानी जिन iPhone में iOS 15.5 से पुराना वर्जन है और उसे नए वर्जन में अपडेट नहीं किया जा सकता, उनमें 30 नवंबर के बाद WhatsApp काम करना बंद कर देगा।
WhatsApp पुराने फोन का सपोर्ट क्यों बंद कर रहा है?
WhatsApp समय-समय पर पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम का सपोर्ट बंद करता है। कंपनी के मुताबिक, पुराने फोन में नए सिक्योरिटी अपडेट नहीं मिलते और उनमें WhatsApp के नए फीचर्स चलाने के लिए जरूरी सुविधाएं भी नहीं होतीं। कंपनी हर साल यह भी देखती है कि किन पुराने डिवाइस का इस्तेमाल बहुत कम लोग कर रहे हैं। इसके बाद ऐसे डिवाइस के लिए WhatsApp का सपोर्ट खत्म किया जा सकता है।
आपका फोन भी प्रभावित है तो क्या करें?
अगर आपका फोन WhatsApp की नई न्यूनतम जरूरत को पूरा नहीं करता है, तो कंपनी आपको पहले से इसकी जानकारी देगी और फोन को अपडेट करने के लिए कहेगी। अगर आपका फोन Android 6.0 या iOS 15.5 से ऊपर अपडेट नहीं हो सकता, तो WhatsApp चलाने के लिए आपको नए ऑपरेटिंग सिस्टम वाला फोन या नया डिवाइस इस्तेमाल करना होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
