पंजाब में पांच सितंबर तक बारिश का येलो अलर्ट, 13 जिलों में आज बौछारों के आसार
चंडीगढ़। पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने पांच सितंबर तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को जहां राज्य के 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं, चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण राज्य में गर्मी और उमस बढ़ी हुई है। राज्य का औसत तापमान सामान्य से करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। फरीदकोट में सबसे अधिक 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और मानसून ट्रफ के प्रभाव से आने वाले दिनों में पंजाब के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। चंडीगढ़ और ट्राइसिटी में भी मौसम करवट ले सकता है। इस बीच राज्य में बिजली की मांग भी लगातार बढ़ रही है। राज्य में बिजली की मांग 14,569 मेगावाट तक पहुंच गई है। मौसम में बदलाव और बारिश के बावजूद आने वाले दिनों में राज्य में उमस यथावत रहने का अनुमान है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
