अब फीचर फोन से भी कर सकेंगे UPI पेमेंट, PhonePe ने लांच की UPI 123Pay सेवा

By: Sep 1st, 2026 11:57 am

नई दिल्ली। भारत में UPI से पेमेंट करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि, आज भी करोड़ों लोग स्मार्टफोन की जगह फीचर फोन इस्तेमाल करते हैं। ऐसे लोगों के लिए ऑनलाइन पेमेंट करना मुश्किल होता है, क्योंकि आमतौर पर UPI के लिए इंटरनेट और स्मार्टफोन की जरूरत पड़ती है। अब PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए UPI 123Pay सेवा शुरू की है। कंपनी के अनुसार, इस सुविधा की मदद से फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोग बिना इंटरनेट के भी UPI पेमेंट कर सकेंगे। PhonePe का कहना है कि देश में 20 करोड़ से ज्यादा लोग फीचर फोन इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यह सेवा उन्हें डिजिटल पेमेंट से जोड़ने में मदद करेगी।

कमजोर नेटवर्क में भी कर सकेंगे पेमेंट

PhonePe UPI 123Pay को खास तौर पर फीचर फोन के लिए बनाया गया है। इसमें SMS आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इससे कमजोर 2G नेटवर्क वाले इलाकों में भी पेमेंट की सुविधा मिल सकेगी। यूजर्स मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए किसी दूसरे व्यक्ति को पैसे भेज सकेंगे। दुकानों पर UPI ID या QR कोड के जरिए भी भुगतान किया जा सकेगा। इसके अलावा यूजर्स अपने बैंक खाते का बैलेंस और लेनदेन की जानकारी भी देख सकेंगे।

Nokia, HMD, Lava और Itel से साझेदारी

PhonePe ने इस सेवा के लिए Nokia, HMD, Lava International और Itel Mobile के साथ साझेदारी की है। इन कंपनियों के कुछ फीचर फोन में PhonePe UPI 123Pay की सुविधा पहले से उपलब्ध होगी। कंपनी आने वाले समय में अन्य मोबाइल कंपनियों को भी इस सेवा से जोड़ने की योजना बना रही है। आगे इसमें बिल भुगतान, मोबाइल रिचार्ज और Aadhaar के जरिए UPI रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

12 भारतीय भाषाओं में मिलेगी मदद

फीचर फोन यूजर्स को UPI 123Pay शुरू करने में परेशानी न हो, इसके लिए PhonePe ने AI आधारित वॉयस हेल्पलाइन भी शुरू की है। यह अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में यूजर्स की मदद करेगी। यह सामान्य IVR सेवा से अलग होगी। इसमें सिर्फ नंबर दबाने के बजाय यूजर बातचीत के जरिए अपनी समस्या बता सकेगा और उसे आगे की प्रक्रिया समझाई जाएगी।

फीचर फोन में UPI 123Pay कैसे शुरू करें?

फीचर फोन में UPI 123Pay शुरू करने के लिए स्मार्टफोन या इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए ये स्टेप्स अपनाने होंगे:

  1. फीचर फोन में PhonePe ऐप खोलें।
  2. नियम और शर्तों को पढ़कर स्वीकार करें।
  3. अपना बैंक चुनें।
  4. डेबिट कार्ड के आखिरी 6 अंक और उसकी एक्सपायरी डेट दर्ज करें।
  5. अपना UPI PIN सेट करें।
  6. इसके बाद आपकी UPI ID सक्रिय हो जाएगी और आप पेमेंट कर सकेंगे।

फीचर फोन से पैसे कैसे भेजें?

PhonePe के अनुसार, यूजर कॉन्टैक्ट लिस्ट, मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए पैसे भेज सकता है। अगर फीचर फोन में कैमरा है तो QR कोड स्कैन करके भी भुगतान किया जा सकेगा।

मोबाइल नंबर या UPI ID से पेमेंट करने का तरीका

  • PhonePe ऐप खोलें।
  • Pay to Mobile Number या Pay to UPI ID विकल्प चुनें।
  • सामने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर या UPI ID दर्ज करें।
  • स्क्रीन पर दिखाई गई जानकारी को जांचें।
  • पेमेंट की राशि दर्ज करें।
  • अपना UPI PIN डालकर OK दबाएं।
  • इसके बाद स्क्रीन पर पेमेंट सफल होने की जानकारी दिखाई देगी।

अगर फीचर फोन में कैमरा मौजूद है, तो Scan & Pay विकल्प के जरिए QR कोड स्कैन करके भी भुगतान किया जा सकेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App