पीएमश्री स्कूल तारुवाला का एसडीएम ने किया निरीक्षण
डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, लैब और आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल के नेतृत्व में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पांवटा साहिब (तारुवाला) का विस्तृत निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। निरीक्षण दल ने विद्यालय की शैक्षणिक व आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास रूम, विज्ञान प्रयोगशाला, आईसीटी लैब, व्यावसायिक शिक्षा प्रयोगशाला, टिंकरिंग लैब, पीयूएल लैब सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। टीम ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत संचालित गतिविधियों, विद्यार्थियों को मिल रही बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत संरचना तथा पीएम श्री योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
एसडीएम द्विज गोयल ने विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीक, कौशल विकास और अनुभवात्मक अधिगम के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का विद्यार्थियों के हित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य जोगी कन्याल और शिक्षकों से विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, विद्यार्थियों की उपलब्धियों, पीएम श्री योजना के तहत चल रहे कार्यों और भविष्य की आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। एसडीएम ने कहा कि पीएम श्री योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, कौशल शिक्षा, स्मार्ट कक्षाओं, शैक्षणिक भ्रमण सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने विद्यालय को नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आदर्श केंद्र बनाने के लिए सभी शिक्षकों व कर्मचारियों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
