HP WEATHER : केलांग-कुकुमसेरी का पारा माइनस में, प्रदेश में 23 तक बारिश के आसार नहीं
हिमाचल के पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद जनजातीय क्षेत्रों में बढ़ी ठिठुरन
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी से अब राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है। प्रदेश के लाहुल-स्पीति जिले के केलांग और कुकुमसेरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.7 डिग्री और कुकुमसेरी में माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला में भी तापमान गिरने से रातें ठंडी हो गई हैं। शिमला में गत शुक्रवार रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। हालांकि शनिवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार 23 अक्तूबर तक प्रदेश में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा दर्ज किया गया केंद्र रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा। केलांग में माइनस 0.7 डिग्री और ताबो में 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कल्पा में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री और कुफरी में 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य मौसम केंद्रों में मनाली का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, शिमला का 8.5 डिग्री, सोलन का 9.5 डिग्री, भुंतर का 9.5 डिग्री, बैजनाथ का 9.4 डिग्री, जुब्बड़हट्टी का 11 डिग्री, पालमपुर का 11 डिग्री, चंबा का 11.6 डिग्री, सुंदरनगर का 12.2 डिग्री, भरमौर का 12 डिग्री, कांगड़ा का 13.1 डिग्री, मंडी का 13.2 डिग्री, देहरा गोपीपुर का 14 डिग्री, नाहन का 14.6 डिग्री, ऊना का 14.7 डिग्री, बर्थिन का 14.7 डिग्री, बिलासपुर का 15.5 डिग्री, नेरी का 16.8 डिग्री और पांवटा साहिब का 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान में गिरावट
बीते 24 घंटों में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट आई। वहीं, औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री नीचे रहा। एक ही रात में राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री लुढक़ गया। प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
