एचपी टेट के लिए 40 हजार आवेदन, 22 नवंबर से शुरू होगी परीक्षा, बिना फीस 1629 आवेदन मिले

By: Oct 15th, 2026 12:18 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अहम खबर है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) नवंबर-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। प्रदेश भर से युवाओं ने इस परीक्षा के लिए भारी उत्साह दिखाया है और बोर्ड को विभिन्न श्रेणियों के लिए कुल 39,984 आवेदन प्राप्त हुए हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अब तक प्राप्त कुल 39,984 आवेदनों में से 38,355 अभ्यर्थियों ने निर्धारित परीक्षा शुल्क के साथ अपनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं, तकनीकी या अन्य कारणों से 1,629 आवेदन बिना शुल्क के प्राप्त हुए हैं।

बोर्ड अब इन प्राप्त आवेदनों की छंटनी और परीक्षा केंद्रों के आबंटन की प्रक्रिया में जुट गया है। शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता को लेकर बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों को बेहतरीन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए स्कूलों में योग्य और पात्र शिक्षकों का होना अनिवार्य है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा शिक्षा के निर्धारित मानकों को बनाए रखने और बेहतरीन शिक्षकों की फौज तैयार करने की दिशा में एक बेहद महत्त्वपूर्ण कदम है, ताकि प्रदेश का भविष्य सुरक्षित हाथों में रहे। गौरतलब है कि टीईटी नवंबर-2026 की विभिन्न श्रेणियों की परीक्षाओं का आगाज 22 नवंबर, 2026 से होने जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App