6500 कॉरपोरेट पेंशनरों को 27 साल पुरानी अधिसूचना से आस, मुख्यमंत्री से चुनावी वादा पूरा करने का आग्रह

By: Oct 13th, 2026 9:24 pm

29 अक्तूबर, 1999 की नोटिफिकेशन के आधार पर पेंशन बहाली की मांग

कार्यालय संवाददाता-मंडी

हिमाचल प्रदेश के 17 निगमों और बोर्डों के करीब साढ़े छह हजार सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने 29 अक्तूबर, 1999 की अधिसूचना के आधार पर पेंशन बहाली की मांग तेज कर दी है। मंडी में हिमाचल प्रदेश कॉरपोरेट सेक्टर सेवानिवृत्त को-ऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में कर्मचारियों ने सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से चुनावी वादा पूरा करने की मांग उठाई। प्रदेश अध्यक्ष देवी लाल ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा कि पेंशन से जुड़ी विसंगति के कारण बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी लंबे समय से राहत की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

कमेटी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सभी संबंधित निगमों और बोर्डों के पेंशनर प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाया जाए और मामले का स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सभी 17 निगमों और बोर्डों के पेंशनर प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मामले का समाधान निकाला जाए, ताकि करीब 6,500 प्रभावित कर्मचारियों को राहत मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App