Ashwin Navaratri : अष्टमी तक 24 घंटे खुला रहेगा ज्वालामुखी मंदिर, आज 78 हजार ने लिया देवियों से आशीर्वाद

By: Oct 16th, 2026 9:27 pm

पांचवें नवरात्र पर 25.93 लाख रुपए चढ़ावा, छठे नवरात्र पर 78 हजार ने लिया देवियों से आशीर्वाद

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

अश्विन नवरात्र मेले में ज्वाला जी मंदिर अष्टमी तक 24 घंटे तक खुला रहेगा। श्रद्धालुओं को दर्शनों के लिए असुविधा ने हो इसके लिए ज्वाला जी मंदिर न्यास अष्टमी तक मंदिर 24 घंटे खुला रखने का फैसला लिया है। अश्विन नवरात्र के पांचवें दिन भक्तों ने प्रदेश के चार शक्तिपीठों म 25.93 लाख का नकद चढ़ावा चढ़ाया है। सबसे अधिक चिंतपूर्णी मंदिर में 9.45 लाख का चढ़ावा प्राप्त हुआ है। प्रदेश के पांच शक्तिपीठों में शुक्रवार को चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, श्रीनयनादेवी, बज्रेश्वरी देवी, चामुंडा देवी मंदिर में 78 हजार 700 श्रद्धालुओं ने माथा टेका।

चिंतपूर्णी मंदिर में साढ़े नौ लाख रुपए दान

चिंतपूर्णी मंदिर में पांचवें नवरात्र पर नौ लाख 45 हजार 220 रुपए का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि शुक्रवार को 20 हजार भक्तों ने शीश नवाया।

चामुंडा मंदिर में 2000 श्रद्धालुओं ने टेका माथा

चामुंडा देवी मंदिर में अश्विन नवरात्र मेले के छठे दिन दो हजार श्रद्धालुओं ने मईया के चरणों में शीशनवाया। मंदिर में भक्तों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस तैनात है।

बज्रेश्वरी मंदिर में साढ़े चार लाख मां के चरणों में अर्पित

कांगड़ा स्थित ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में नवरात्र मेले के पांचवे दिन मां के भक्तों ने चार लाख 50 हजार 244 रुपए नकद चढ़ावा चढ़ाया है। ब्रजेश्वरी देवी मंदिर के कार्यकारी मंदिर अधिकरी प्रकाश चंद ने बताया कि नवरात्र मेले के छठे दिन 6700 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेका।

श्रीनयनादेवी मंदिर में 23 हजार ने टेका माथा

श्रीनयनादेवी मंदिर में पांचवें नवरात्र पर मां के चरणों में छह लाख 42 हजार 737 रुपए नकद चढ़ावा चढ़ाया है। मंदिर अध्यक्ष धर्मपाल चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को 23 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया।

ज्वालामुखी मंदिर में 27 हजार ने नवाया शीश

ज्वाला जी मंदिर में पांचवें नवरात्र पर पांच लाख 55 हजार रुपए का नकद चढ़ावा चढ़ाया है। मंदिर अधिकार अजय मंडयाल ने बताया कि शुक्रवार को मंदिर में 27 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App