पंचकूला में कार-बस में टक्कर, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, कार चालक गंभीर घायल

By: Oct 29th, 2026 12:06 am

निजी संवाददाता- पंचकूला

पंचकूला जिले में प्यारेवाला के नजदीक मंगलवार को एक सडक़ हादसे में कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार और एक निजी बस के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रायपुर रानी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने हादसे से बस को कब्जे में लेकर रायपुर रानी थाने में खड़ा करवा दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और कार ड्राइवर के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि इस रूट पर निजी बसें बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। फिलहाल रायपुर रानी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App