हिमाचल के पांच और सरकारी स्कूलों में सीबीएसई की कक्षाएं, क्या आपके जिले के स्कूल भी हैं शामिल, जानिए

By: Oct 29th, 2026 12:07 am

चिरगांव-धमवाड़ी-जांगला-तकलेच और कल्पा विद्यालयों को बोर्ड से संबद्ध करवाने की तैयारी

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश के पांच और सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तहत पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है। इनमें शिमला जिला के चिरगांव, धमवाड़ी, जांगला और तकलेच के अलावा किन्नौर जिला का कल्पा स्कूल शामिल है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की घोषणा के बाद शिक्षा निदेशालय ने इन स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करवाने के लिए मंजूरी देने का मामला सरकार के समक्ष उठाया है। अब शिक्षा विभाग की मंजूरी के बाद बोर्ड से संबद्धता लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने पहली अक्तूबर को रोहड़ू दौरे के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चिरगांव, धमवाड़ी और जांगला में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से सीबीएसई की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने शिक्षा सचिव को इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करने और अनुपालना रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। वहीं, मुख्यमंत्री ने तकलेच और कल्पा स्कूलों को भी सीबीएसई से संबद्ध करवाने की इच्छा जताते हुए इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने को कहा है।

पांचों स्कूलों में 1371 विद्यार्थी

शिक्षा निदेशालय की ओर से सरकार को भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, इन पांचों स्कूलों में कुल 1371 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चिरगांव में 411, धमवाड़ी में 268, जांगला में 325, तकलेच में 248 और कल्पा में 119 विद्यार्थी नामांकित हैं। स्कूलों के पास उपलब्ध भूमि का ब्यौरा भी प्रस्ताव में दिया गया है। चिरगांव स्कूल के पास 4046 वर्ग मीटर, धमवाड़ी के पास 5665 वर्ग मीटर, जांगला के पास 3000 वर्ग मीटर, तकलेच के पास 9600 वर्ग मीटर और कल्पा स्कूल के पास 20,067 वर्ग मीटर से अधिक भूमि उपलब्ध है।

दायरा बढ़ाने की तैयारी

शिक्षा निदेशालय ने 24 सितंबर को भेजे गए पत्र के क्रम में पांचों स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करवाने के लिए सरकार से स्वीकृति मांगी है। मंजूरी मिलने के बाद केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के समक्ष आवेदन सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App