कांग्रेस ने फूंका चुनाव आयुक्त का पुतला

By: Oct 18th, 2026 12:56 am

एसआईआर और वोट चोरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
नगर संवाददाता-चंबा
ब्लाक कांग्रेस कमेटी चंबा ने शनिवार को मुख्यालय में लोकतंत्र बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत एसआईआर लागू करने और वोट चोरी के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय के बाहर लखदाता पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष रैली निकालने के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी फूंका। इसके उपरांत डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा। इस प्रदर्शन की अगुवाई ब्लाक कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने की। इस मौके पर सदर विधायक नीरज नैय्यर भी विशेष तौर से मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि जिस प्रकार चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा को चुनावों मे लाभ पंहुचाने के लिए चुनाव आयोग जैसी स्वायत्तता प्राप्त संवैधानिक संस्था का दुरुपयोग कर रहे हैं, इससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को चोट पंहुच रही है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के असंख्य मामले हैं, जिन्हें कांग्रेस नेता व लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल गांधी ने उठाया है, लेकिन केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने वाले चुनाव आयोग के कानो मे जूं तक नही रेंग रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और पूरा विपक्ष चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठा रहा है और ज्ञानेश्वर कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनावों का हवाला देते हुए बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर लाखों वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए थे, जिसके बाद जब प्रभावित लोग हाईकोर्ट पहुंचे तो 100 में से लगभग 95 मतदाताओं के वोट वैध पाए गए।

विधायक ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में हिमाचल सहित अन्य राज्यों में भी ऐसी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है, जिससे मतदाता सूची की निष्पक्षता पर गहरा संदेह पैदा होता है और लोकतंत्र में मतदाताओं के अधिकार सीधे तौर पर प्रभावित होते हैं। जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व चुराह विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी करतार सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा से लोगों का मोह भंग हो गया है। इसलिए वे चुनाव आयोग की स्वायत्तता का दुरूपयोग करके हर जगह स्वयं को लाभ पंहुचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा नहीं हो जाता और जब तक चुनाव आयोग एस आई आर वापस नहीं ले लेता तब तक कांग्रेस पार्टी का देशव्यापी धरना व विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस धरना प्रदर्शन में नगर परिषद के उपाध्यक्ष जितेंद्र सूर्या, जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव नरेश राणा, कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा उर्फ राजू, महासचिव मनोज काशव, महासचिव भानू प्रताप सिंह जसरोटिया, केवल कुमार, सेवादल के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल गनी, सोनू राणा, नवीन चौणा, सूरत चौहान, धर्मेंद्र शर्मा, संजू कुमार, उपाध्यक्ष सुरेश ठाकुर, पार्षद व महिला कांग्रेस नेता रजनी शर्मा, महेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार, शशि मैहरा व विजय सिंह कटोच सहित विभिन्न फ्रंटियल संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App