कांग्रेस संविधान की रक्षक, वोट चुराने वाले हमसे बच नहीं सकते, गोंय राखण यात्रा में बोले राहुल

By: Oct 19th, 2026 12:01 am

एजेंसियां — पणजी

गोवा में रविवार को ‘गोंय राखण यात्रा’ में शामिल हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षक है। प्रधानमंत्री, अमित शाह और सीईसी ज्ञानेश कुमार जानते हैं कि वे हमसे बच नहीं सकते। इनको न्याय का सामना करना पड़ेगा और उन्होंने जो किया है, उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। बता दें कि कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान गोंय राखण यात्रा की शुरुआत 22 सितंबर को हुई थी। इस यात्रा के तहत गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों से संपर्क किया। राहुल गांधी ने दक्षिण गोवा के मडगांव में कांग्रेस की गोंय राखण यात्रा में हिस्सा लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ दो किलोमीटर तक पैदल चले। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मार्च के बाद राहुल गांधी मडगांव पहुंचे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए एसआईआर, चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि पूरे देश को पता है कि सीईसी ज्ञानेश कुमार वोट चोरी को अंजाम देते हैं और अमित शाह व पीएम मोदी उनका समर्थन करते हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ मानहानि के 45 से ज्यादा मामले दर्ज हैं, जिनमें अमित शाह, मोदी जी और अन्य लोगों से जुड़े मामले शामिल हैं।

फिर भी, मैं हर मंच से कहता हूं कि नरेंद्र मोदी वोट चुराते हैं, और ऐसा कहने के लिए मेरे खिलाफ कभी कोई मामला दर्ज नहीं किया जाता। क्या आप जानते हैं क्यों? क्योंकि उन्हें डर है कि अगर वे खास तौर पर वोट चोरी को लेकर कोई मामला दर्ज करते हैं, तो यह एक बड़ी कानूनी लड़ाई बन जाएगी, और वे उसी में फंसकर रह जाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में ज्ञानेश कुमार नाम का एक व्यक्ति है। उसे रात में नींद नहीं आती। उसे कहीं चैन नहीं मिलता। न तो मोदी जी को और न ही अमित शाह को। वे जानते हैं कि देर-सवेर, कांग्रेस पार्टी उनसे हिसाब मांगेगी और न्याय सुनिश्चित करेगी। हम संविधान के संरक्षक हैं। यह हमारा पवित्र कर्तव्य है। वोटों की चोरी करके, उन्होंने संविधान पर हमला किया है; हमारे पवित्र कर्तव्य पर हमला किया है और हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को न्याय का सामना करना पड़ेगा और उन्हें अपने किए की कीमत चुकानी होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App