ऊना में कल कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रदेश कांगे्रस प्रभारी रजनी पाटिल करेंगी अभियान की अगवाई, तैयारियां तेज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
जिला कांग्रेस कमेटी ऊना की ओर से ‘देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ’ अभियान के तहत 8 अक्तूबर को विशाल मार्च और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे विश्राम गृह ऊना से शुरू होगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल मार्च की अगुवाई करेंगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देशराज गौतम ने बताया कि प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक, पूर्व विधायक, बोर्ड एवं निगमों के पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, पांचों ब्लॉकों के पदाधिकारी तथा पार्टी के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, एससी विभाग, इंटक और पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ सहित अन्य संगठनों की भी भागीदारी रहेगी। देशराज गौतम ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए अभियान चला रही है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देशराज गौतम ने बताया कि यह अभियान राहुल गांधी के दिशा-निर्देशों के अनुसार चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध स्वरूप पुतला दहन किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देशराज गौतम ने बताया कि इसके अलावा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों से संबंधित मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त ऊना के माध्यम से ज्ञापन भेजा जाएगा। गौतम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे विश्राम गृह ऊना पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। जिला कांग्रेस कमेटी ऊना की ओर से ‘देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ’ अभियान के तहत 8 अक्तूबर को विशाल मार्च और विरोध प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ता और नेता तैयारियों में जुट गए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
