मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा
राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग
स्टाफ रिपोर्टर-रोहड़ू
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रोहड़ू ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके विरुद्ध निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को राष्ट्रपति के नाम एसडीएम रोहड़ू के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रोहड़ू के अध्यक्ष शिवपाल ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन प्रस्तुत किया। ज्ञापन में कांग्रेस कमेटी ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को लेकर अपनी चिंताएं और आरोप सामने रखे। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मांग की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को उनके पद से हटाया जाए तथा उनके विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
साथ ही, विवादित निर्णयों की समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार उन्हें निरस्त करने की मांग भी ज्ञापन में उठाई गई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का विश्वास लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर गंभीरता से संज्ञान लिया जाना आवश्यक है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े निर्णयों को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। रोहड़ू ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भी राष्ट्रपति से मामले में उचित हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
