दिलीप गावित ने 100 मीटर स्पर्धा में जीता गोल्ड मेडल
एजेंसियां— आइची नागोया
चार सौ मीटर दौड़ के विशेषज्ञ दिलीप गावित को इस साल की शुरुआत में अपना इवेंट बदलना पड़ा, क्योंकि कॉमनवेल्थ गेम्स से उनका मुख्य इवेंट हटा दिया गया था। उन्होंने न केवल 100 मीटर स्प्रिंट में हिस्सा लिया, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जीत हासिल की और अब एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता। दिलीप महादु गावित, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में कॉमनवेल्थ गेम्स की 100 मीटर टी 47 स्पर्धा में गोल्ड जीता था, अब एशिया के भी चैंपियन बन गए हैं।
दिलीप गावित ने शानदार दौड़ लगाई। उन्होंने शुरुआत तो धीमी की, लेकिन आखिरी 30 मीटर में अपनी रफ्तार काफी बढ़ा ली। काफी देर तक भारत के मोहम्मद मोर्सिंगनाकाथ रेस में आगे चल रहे थे, लेकिन दिलीप गावित की तेज रफ्तार के सामने वे टिक नहीं पाए। दिलीप ने गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ पुरुषों की 100 मीटर टी 47 स्प्रिंट जीत ली है।
हनी को आखिरी प्रयास में ब्रॉन्ज
20 साल के हनी ने पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ 37 फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल जीता। वह आखिरी प्रयास से पहले चौथे स्थान पर थे, लेकिन छठे प्रयास में 57.04 मीटर का अपना पर्सनल बेस्ट थ्रो कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए। उज्बेकिस्तान के कुदरतिल्लोखोन मारुफखुजाएव ने गोल्ड और पाकिस्तान के हैदर अली ने सिल्वर जीता।
रोहित कुमार को स्विमिंग में कांसा
रोहित ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एबी 4 फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने 1 मिनट 57.25 सेकंड का समय निकाला। रोहित 50 मीटर के बाद चौथे स्थान पर थे, लेकिन आखिरी हिस्से में शानदार वापसी कर तीसरे स्थान
पर पहुंचे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
