सोलन में एनएच-5 पर स्कॉर्पियो चालक की हरकत से भड़का विवाद, बस के बाद गाड़ी के शीशे भी तोड़े

By: Oct 18th, 2026 12:12 am

सोलन में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर सब्जी मंडी के समीप शनिवार को स्कॉर्पियो गाड़ी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मारपीट तक की नौबत आ गई। हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो के चालक पर पहले निजी बस के शीशे तोड़ने का आरोप लगा। इसके बाद जब चालक दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा तो स्थानीय लोग उसके सामने आ गए। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और लोगों ने स्कॉर्पियो के शीशे तोड़ दिए तथा चालक के साथ मारपीट की। हंगामे के चलते एनएच-5 पर यातायात भी प्रभावित हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक कथित तौर पर निजी बस के शीशे तोड़ने के बाद मौके से चला गया था। कुछ समय बाद जब वह दोबारा वहां पहुंचा तो लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया।

इसी दौरान चालक ने गाड़ी तेजी से भगानी शुरू कर दी और चंडीगढ़ की ओर जाने लगा। इससे मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। बताया जा रहा है कि लोगों ने दूसरी लेन में जाकर गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद गाड़ी के शीशे तोड़ने और चालक के साथ मारपीट की घटना हुई। घटनास्थल पर अचानक हुए हंगामे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि गाड़ी के तेजी से निकलने के दौरान उसके नीचे कोई व्यक्ति नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर एएसपी सोलन रमेश शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। हंगामे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम लग गया।

पुलिस अधीक्षक सोलन एसडी वर्मा ने बताया कि घटना 17 अक्तूबर की है। विवाद में एक पक्ष जिला सिरमौर का निवासी बस चालक है, जबकि दूसरा पक्ष हरियाणा निवासी स्कॉर्पियो चालक है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के समीप पुलिस दल मौजूद था, जिसने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। विवाद के दौरान दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। स्कॉर्पियो चालक ने एक वाहन को क्षति पहुंचाई, जबकि उसके आक्रामक व्यवहार से आक्रोशित भीड़ ने दूसरे वाहन को नुकसान पहुंचाया। घटना में किसी को चोट नहीं आई। इस संबंध में सदर थाना सोलन में अभियोग संख्या 0231/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी ने लोगों से अपील की कि सड़क पर संयम बनाए रखें और विवाद होने पर कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचित करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App