आज से सरकारी CBSE स्कूलों में शिक्षकों का ड्रेस कोड लागू, पहचान पत्र पहनना भी अनिवार्य

By: Oct 1st, 2026 12:01 pm

कार्यालय संवाददाता, शिमला

प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में आज से शिक्षकों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड लागू हो गया है। शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी सीबीएसई स्कूलों के प्रधानाचार्यों को ड्रेस कोड का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अब स्कूल ड्यूटी के दौरान शिक्षक निर्धारित पोशाक के साथ पहचान पत्र भी पहनेंगे। निर्धारित ड्रेस कोड के तहत महिला शिक्षक हल्के बैंगनी रंग की पोशाक, जबकि पुरुष शिक्षक हल्की नीली कमीज और पतलून में नजर आएंगे। सभी शिक्षकों के लिए ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र पहनना अनिवार्य किया गया है। विभाग ने ड्रेस कोड को औपचारिक और स्कूल के वातावरण के अनुरूप रखने पर जोर दिया है।

प्रिंसिपल पर रहेगी पालन की जिम्मेदारी

ड्रेस कोड लागू करवाने की जिम्मेदारी स्कूल के प्रधानाचार्यों को दी गई है। प्रधानाचार्यों को यह सुनिश्चित करना होगा कि स्कूल में कार्यरत शिक्षक निर्धारित ड्रेस में ही ड्यूटी पर आएं। स्कूल स्तर पर ड्रेस कोड के पालन की निगरानी भी की जाएगी।

155 सरकारी CBSE स्कूलों में एकरूपता की कवायद

प्रदेश में करीब 155 सरकारी सीबीएसई स्कूलों को विकसित करने की योजना के तहत स्कूलों में एकरूपता लाने के लिए कई बदलाव किए जा रहे हैं। शिक्षकों की पोशाक के साथ विद्यार्थियों की वर्दी और स्कूल भवनों की रंग योजना को भी एकरूप करने की दिशा में काम किया जा रहा है। विद्यार्थियों की वर्दी के लिए हरे रंग की थीम तय की गई है।

दिन में तीन बार दर्ज होगी हाजिरी

सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति भी दिन में तीन बार दर्ज करने की व्यवस्था लागू की जा रही है। सुबह स्कूल शुरू होने के समय, दोपहर के भोजन के समय और छुट्टी के समय हाजिरी दर्ज की जाएगी। इसका उद्देश्य स्कूलों में समय की पाबंदी और उपस्थिति सुनिश्चित करना है।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के अनुसार, शिक्षकों को विभाग की ओर से तय नियमों का पालन करना होगा। विभाग का कहना है कि ड्रेस कोड से शिक्षकों की पोशाक में एकरूपता के साथ स्कूलों की अलग संस्थागत पहचान विकसित करने में मदद मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App