चुनाव आयोग के अफसर पर बिना चर्चा फैसले लेने का आरोप, आरटीआई से हुआ खुलासा
आरटीआई से खुलासा, दो चुनाव आयुक्तों ने कैबिनेट सेक्रेटरी से शिकायत की, पर कार्रवाई नहीं
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
चुनाव आयोग के अफसर मनीष गर्ग के कामकाज के विवाद पर अब नई जानकारी सामने आई है। आरटीआई से खुलासा हुआ है कि दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन को अलग-अलग लेटर लिखकर उनके कामकाज की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरटीआई जवाब में बताया गया, कैबिनेट सचिवालय ने ये शिकायतें चुनाव आयोग की ओर से आधिकारिक नहीं मानीं। सचिवालय का मानना था कि इस स्तर पर कार्रवाई करना उचित नहीं होगा। इसे संवैधानिक संस्था के काम में दखल माना जा सकता है।
यह जानकारी आरटीआई एक्टिविस्ट लोकेश के बत्रा को दी गई। गर्ग पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव आयोग या संबंधित अधिकारियों से चर्चा किए बिना वरिष्ठ अधिकारियों के कामकाज को बदलने वाला आदेश जारी किया था। रिपोट्र्स के मुताबिक, दोनों आयुक्तों ने उनके आदेश को पलट दिया था। साथ ही, निर्देश दिया कि आयोग में किसी बदलाव पर सहमति बनने तक पुरानी व्यवस्था जारी रहेगी। बता दें कि मनीष गर्ग 1996 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। अगस्त 2024 में केंद्र सरकार की कैबिनेट नियुक्ति समिति (एसीसी) ने उन्हें चुनाव आयोग में उप चुनाव आयुक्त बनाने की मंजूरी दी थी। उन्होंने दो सितंबर, 2024 को पद संभाला। इससे पहले वह हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
