करनाल में किसानों ने कैथल रोड किया जाम, निसिंग मंडी में धान खरीद में रोक और गेट पास नहीं काटने पर खोला मोर्चा
निसिंग मंडी में धान खरीद में रोक और गेट पास नहीं काटने पर खोला मोर्चा, सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
निजी संवाददाता- करनाल
करनाल जिले की निसिंग मंडी में धान की खरीद और गेट पास नहीं कटने से कैथल के किसानों ने परेशान होकर करनाल-कैथल रोड पर जाम लगा दिया। ज्यादातर किसान कैथल जिले के रहने वाले हैं और निसिंग मंडी में धान बेचने पहुंचे थे। किसानों का कहना है कि पिछले कई दिनों से उन्हें पोर्टल के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनकी ट्रालियों के गेट पास नहीं काटे जा रहे, जबकि उनके पास फसल से जुड़े सभी जरूरी कागजात हैं। किसानों ने साफ कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, जाम नहीं खोलेंगे। वहीं, किसानों ने बताया कि उनके गांव निसिंग के आसपास हैं और वे पिछले करीब 40 साल से इसी मंडी में अपनी फसल बेचते आ रहे हैं। इस बार भी वे पहले धान बेचकर जा चुके हैं, लेकिन अब उनकी ट्रालियों के गेट पास नहीं काटे जा रहे। किसानों का कहना है कि वे फसल बेचने के लिए ही धान उगाते हैं, लेकिन मंडी में पहुंचने के बाद उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। कई दिनों से समस्या का सामना कर रहे किसानों ने कहा कि समाधान नहीं हुआ तो वे जाम लगाए रखेंगे।
वहीं, किसानों ने सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि खेतों में फानों में आग लगने पर सेटेलाइट से तुरंत जानकारी मिल जाती है, तो फिर खेत में धान की फसल होने का पता क्यों नहीं चलता। सरकार कहती है कि किसान देश में कहीं भी अपनी धान बेच सकता है, लेकिन दूसरे जिले की मंडी में भी फसल बेचने में परेशानी आ रही है। वहीं, किसानों ने दावा किया कि धान उनके अपने खेतों की है और उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज हैं। इसके बावजूद गेट पास नहीं काटे जा रहे, जिससे उनमें रोष है। वहीं, मार्केट कमेटी निसिंग के सचिव जसपाल मेहता ने बताया कि प्रदर्शन करने वाले किसान दूसरे जिले के हैं और निसिंग मंडी में धान लेकर आए हैं। सरकार की ओर से पत्र जारी किया गया है कि दूसरे जिले की धान मंडी में नहीं आने दी जाए। फिलहाल किसानों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि गलत तरीके से कोई ट्राली मंडी में प्रवेश न करे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या का समाधान करने के लिए विभाग हमेशा तत्पर है। वहीं, करनाल जिले की निसिंग मंडी में धान की खरीद और गेट पास नहीं कटने से कैथल के किसानों ने परेशान होकर करनाल-कैथल रोड पर जाम लगा दिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
