राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी मोदी-शाह की हताशा का प्रमाण : कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से करोड़ों मतदाताओं का संविधान प्रदत्त मतदान का अधिकार प्रभावित हुआ है और इसके खिलाफ सत्याग्रह करने पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की गहरी हताशा को दर्शाता है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर कहा कि राहुल गांधी करीब दो वर्षों से तथ्यात्मक साक्ष्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ मिलकर रची गयी कथित ‘वोट चोरी’ की साजिश को सामने ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के एसआईआर के कारण करोड़ों मतदाताओं ने अपना संविधान प्रदत्त मतदान का अधिकार खो दिया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब लोकसभा में विपक्ष के नेता ने एसआईआर से जुड़ी ज्यादतियों को सामने रखने के लिए सत्याग्रह का तरीका अपनाया तो दिल्ली पुलिस ने उनके और अन्य नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी। जयराम रमेश ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह की जोड़ी घबराई हुई, बेचैन और हताश है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट है और आगे की तस्वीर साफ दिखाई दे रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
