नादौन के इंडोर स्टेडियम से खेल की दुनिया पर राज करेगा हिमाचल, खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

By: Oct 17th, 2026 11:23 pm

42 कनाल भूमि पर बन रहा पांच मंजिला परिसर; अब तक 100 करोड़ रुपए खर्च 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्च में हिमाचल में अब विकास की एक ऐसी नई कहानी लिखी जा रही है, जो आने वाले समय में पूरे देश की पहचान बन सकती है। हमीरपुर जिला का नादौन अब खेलों की दुनिया में भी अपना दम दिखाने को तैयार है। 150 करोड़ की लागत से यहां एक भव्य मल्टीपर्पज इंडोर स्पोट्र्स स्टेडियम तैयार हो रहा है, जो शहर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने की क्षमता रखता है। पांच मंजिला इस कॉम्प्लेक्स में स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज, बैडमिंटन समेत 1४ से ज्यादा खेलों की आधुनिक सुविधाएं होंगी….

निष्पक्ष भारती-नादौन
गुरु गोबिंद सिंह जी और बाबा बुल्ले शाह जैसी महान हस्तियों से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान रखने वाले नादौन के साथ अब विकास का एक नया अध्याय जुडऩे जा रहा है। बस अड्डे के समीप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का ड्रीम प्रोजेक्ट करीब 150 करोड़ रुपए की लागत से
बन रहा बहुउद्देश्यीय इंडोर स्टेडियम आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ शहर को नई पहचान देने की तैयारी में है। पांच मंजिला इस भव्य परिसर में स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज, बैडमिंटन,बास्केटबॉल कोर्ट सहित 14 से अधिक खेलों के आयोजन की व्यवस्था की जा रही है। करीब 42 कनाल भूमि पर बन रहे इस परिसर का लगभग 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नवंबर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इसे प्रदेश को समर्पित करेंगे। दिसंबर में यहां राष्ट्रीय स्तर की अंडर-14 स्कूल ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित करने की दिशा में भी प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। राष्ट्रीय टूर्नामेंट और विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन से नादौन और आसपास के क्षेत्रों में खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों तथा खेल प्रेमियों की आवाजाही बढऩे की संभावना है। इससे होटल, ढाबे, रेस्तरां, परिवहन, खान-पान, खेल सामग्री और अन्य स्थानीय व्यवसायों को लाभ भी मिल सकता है। – एचडीएम\

स्विमिंग पूल से शूटिंग रेंज तक हर खेल के लिए विशेष इंतजाम

खेल परिसर के बेसमेंट में दस मीटर की 10 लेन वाली शूटिंग रेंज बनाई गई है। यहां करीब 250 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। ग्राउंड फ्लोर पर आठ लेन वाला स्विमिंग पूल तैयार किया गया है, जिसकी लंबाई 21 मीटर और चौड़ाई 25 मीटर है। पूल के साथ बनी दर्शक दीर्घा में लगभग 500 लोग बैठ सकेंगे। परिसर में दिव्यांगजनों के लिए रैंप की सुविधा भी दी गई है। 50 से अधिक वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान छोड़ा गया है।

भवन में 14 से अधिक खेलें

इस परियोजना पर अब तक करीब 100 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। परिसर में स्विमिंग, शूटिंग, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती, कबड्डी, ताइक्वांडो, जूडो, बॉक्सिंग और योग सहित 14 से अधिक खेलों के आयोजन की व्यवस्था की जा रही है। बॉक्सिंग, जूडो, कुश्ती और ताइक्वांडो जैसी प्रतियोगिताओं के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन की संभावनाएं भी हैं।

मुख्यमंत्री का विजन है कि नादौन को स्पोट्र्स टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाए। आज संभवत: यह प्रदेश का सबसे बड़ा स्टेडियम बनकर तैयार हो चुका है। आने वाले समय में यहां से राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे
निशांत शर्मा, एसडीएम, नादौन

खेल परिसर में लडक़ों और लड़कियों के लिए 100-100 बिस्तरों की क्षमता वाले दो होस्टल बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त खिलाडिय़ों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, लॉकर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन में दो लिफ्ट और आपातकालीन स्थिति के लिए दो सीढिय़ां बनाई गई हैं।

किस मंजिल पर क्या सुविधाएं

पहली मंजिल: जिम, डाइनिंग हॉल, मेडिकल रूम, कार्यालय, कोच और मैनेजर रूम, वीआईपी लाउंज सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसी तल पर 16 क्यूबिकल कमरे और दो वीआईपी लाउंज तैयार किए जा चुके हैं। दूसरी मंजिल: वुडन फ्लोर वाला मल्टीपर्पज हॉल बनाया है। यहां बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, कुश्ती, योग, कबड्डी और ताइक्वांडो आयोजित की जा सकेंगी। इस हॉल में दर्शकों के बैठने की क्षमता करीब 800 बताई गई है, जबकि कार्यक्रमों के दौरान एक हजार लोग बैठ सकेंगे। तीसरी मंजिल: वुडन फ्लोर वाले मल्टीपर्पज हॉल में बैडमिंटन के चार कोर्ट, बास्केटबॉल के दो और वॉलीबाल सहित अन्य खेलों की व्यवस्था की जा रही है। हर फ्लोर पर अलग-अलग चेंजिंग रूम और लॉकर की व्यवस्था होगी। चौथी मंजिल: टैरेस पर एक हॉल और शौचालय बनाए गए हैं।

हिमाचली संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला का संगम

करीब 44 मीटर ऊंचे इस भव्य भवन को आधुनिक तकनीक के साथ हिमाचली संस्कृति से भी जोड़ा जा रहा है। भवन के ऊपरी गोलाकार हिस्से को हिमाचली टोपी के रंगों में सजाया जा रहा है, जबकि निचले बाहरी हिस्से में प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों को दर्शाने की योजना है। सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक वास्तुकला का यह मेल परिसर को नादौन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल कर सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App