एचपी सीयू का देश भर में डंका, टाइम्स रैंकिंग में पाया 17वां स्थान, आईआईटी रोपड़ और मंडी पिछड़े
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएचपी) ने टाइम्स हायर एजुकेशन विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग-2027 में उपलब्धि हासिल की है। इसे दुनिया के 701-800 विश्वविद्यालयों के बैंड में जगह मिली है। भारत में यह 17वें स्थान पर है। सीयूएचपी नवनिर्मित केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में देश में पहले नंबर पर है। सीमित संसाधनों के बावजूद शोध गुणवत्ता में यह देश के 56 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में तीसरे स्थान पर है।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि सीयूएचपी जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय और पंजाब विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के बराबर बैंड में है। आईआईटी मंडी और रोपड़ जैसे संस्थान इससे पीछे रहे। राज्य स्तर पर भी सीयूएचपी हिमाचल प्रदेश के सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों में पहले स्थान पर है। यह सफलता विश्वविद्यालय को हाल ही में ‘ए प्लस’ ग्रेड मिलने के बाद मिली है।
विश्वविद्यालय परिवार की मेहनत का परिणाम
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने कहा कि विश्व के शीर्ष 700 और भारत में 17वें स्थान पर पहुंचना सीयूएचपी और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद से ‘ए प्लस’ ग्रेड और अब अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग विश्वविद्यालय के संकाय, शोधार्थियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरे विश्वविद्यालय परिवार का आभार जताया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
